भोपाल के विभिन्न इलाकों में झपटमारी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अवधपुरी, चूनाभट्टी और शाहपुरा में हालिया घटनाओं में वायुसेना के सेवानिवृत्त कैप्टन और अन्य नागरिकों के मोबाइल व सोने की चैन झपटे गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
राजधानी भोपाल के अलग-अलग इलाकों में झपटमारी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अधिकांश मामले बेसुराग और स्कूटर या पैदल आने वाले बदमाशों द्वारा किए जा रहे हैं। अवधपुरी और चूनाभट्टी में हुई हालिया झपटमारी का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इसी बीच शाहपुरा इलाके में वायुसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी का मोबाइल फोन झपट लिया गया। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
वायुसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी का मोबाइल झपटा गया
मिली जानकारी के अनुसार 57 वर्षीय रामेश्वर प्रसाद दुबे आकृति ईको सिटी में रहते हैं और वे वायुसेना के सेवानिवृत्त कैप्टन हैं। रविवार की रात करीब नौ बजे वे रोहित नगर में खरीददारी के लिए गए थे। दुकान से सामान लेने के बाद जब वे इसे अपनी कार में रख रहे थे, तभी एक बदमाश उनके पास आया और उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट कर भाग गया। घटना के तुरंत बाद रामेश्वर प्रसाद दुबे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ झपटमारी का प्रकरण दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
अवधपुरी में 61 वर्षीय महिला की सोने की चैन झपटी गई
अवधपुरी इलाके में रीगल होम्स की निवासी 61 वर्षीय शारदा शर्मा भी झपटमारी की शिकार बनीं। वह बीएसएनएल की रिटायर्ड कर्मचारी हैं। कल दोपहर वे स्कूटर से बाजार गई थीं और करीब सवा एक बजे घर लौट रही थीं। बी-सेक्टर के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चैन झपटा लिया और भाग गए। लूटी गई सोने की चैन की कीमत लगभग पचहत्तर हजार रुपये बताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इसी तरह चूनाभट्टी थानांतर्गत ईश्वर नगर के रहने वाले 48 वर्षीय पीतर हटीला भी झपटमारी की शिकार बने। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे वे बाबा नगर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। मोबाइल पर अपने बेटे से बातचीत कर रहे पीतर हटीला के पास तीन स्कूटर सवार लड़के आए। बीच में बैठे युवक ने उनके हाथ से मोबाइल झपटा और तीनों बदमाश स्कूटर लेकर भाग गए। लूटा गया मोबाइल करीब 11 हजार रुपये का बताया गया है। पीतर ने उनकी पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे बच निकलें। राजधानी में झपटमारी की लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस सीसीटीवी कैमरों और आसपास के इलाकों की निगरानी कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहें और अपने कीमती सामान पर ध्यान दें।