मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपैक्स बैंक भर्ती मामले में सामने आईं अनियमिताओं को लेकर मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्य सचिव को प्रकरण संज्ञान में लेकर विधिवत जांच कर कार्रवाई करने और वस्तुस्थिति से अवगत कराने को कहा है।
रिजल्ट जारी किए बिना इन्टरव्यू
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पत्र में लिखा कि अपेक्स बैंक में एडिशनल सीईओ, मैनेजर समेत 118 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में अनियमितता, पारदर्शिता न अपनाए जाने की जानकारी प्रकाश में आई है। लिखित परीक्षा का पूरा रिजल्ट जारी किए बिना इन्टरव्यू की मेरिट लिस्ट बना दी गई है। साथ ही इन्टरव्यू में एक पद के विरूद्ध तीन अभ्यर्थी बुलाए जाने थे किंतु इसका पालन नहीं किया गया।
अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों को दी नियुक्ति
नेता प्रतिपक्ष ने लिखा कि समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी प्रकाश में आई है कि विभाग में पदस्थ अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों को नियुक्ति दिए जाने की दृष्टि से भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित किया है। अतः प्रकरण संज्ञान में लेकर विधिवत जांच कर कार्यवाही की जाकर, वस्तुस्थिति से अवगत करावें।