मध्य प्रदेश के रीवा जिले में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेता लगातार सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं। घटना को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सरकार की जमकर आलोचना की है। उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव को गृह विभाग की जगह जंगलराज विभाग घोषित करने की सलाह दी है। पटवारी ने कहा कि एमपी में अपराध सबसे ज्यादा, नशा, चोरी-डकैती, फ्रॉड, बेटियों से बलात्कार सबसे ज्यादा, उनका अपहरण सबसे ज्यादा हो रहा है। अगर यह सब खराब हो गए तो गृह विभाग गिर गया है।
हर दिन 18-20 बेटियों का मध्य प्रदेश में होता है रेप
जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा, हर दिन 18-20 बेटियों का मध्य प्रदेश में रेप हो रहा है। चिल्ला-चिल्लाकर, अभियान चलाकर कांग्रेस पार्टी विपक्ष का दायित्व निभा रही है। रीवा में इन्वेस्टर मीट थी, दूसरी ओर महिला के पति को पेड़ से बांधकर उसके सामने पत्नी से बलात्कार किया गया। यह जंगलराज नहीं तो क्या है? गृह विभाग बचा ही नहीं है।
पति के साथ पिकनिक मनाने गई महिला से 5 हैवानों ने किया था रेप
गौरतलब है कि सोमवार को युवा दंपति पिकनिक मनाने के लिए भैरव बाबा क्षेत्र गया हुआ था। इसी दौरान शराब के नशे में 5 युवक वहां पहुंचे और उनसे विवाद किया। इसके बाद मारपीट कर पति को पेड़ से बांध दिया और पत्नी से दरिंदगी की। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया। साथ ही धमकी भी दी कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो वे इसे वायरल कर देंगे। सभी आरोपी और पीड़ित पति-पत्नी गुढ़ थाना क्षेत्र के भीटी गांव के रहने वाले हैं।
रेपिस्ट को फांसी पर लटका कर उसका वीडियो वायरल करो
महिला अत्याचार को लेकर पूर्व मंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने मांग की है कि रेपिस्ट को फांसी पर लटका कर उसका वीडियो वायरल करो। उन्हें गोली मार देना चाहिए। वहीं सरकार को घेरते हुए शर्मा बोले कि घटनाएं रोकने के लिए गृह विभाग ने अब तक मीटिंग भी नहीं की है। मामले पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि महिलाओं के मामले को लेकर सरकार गंभीर है। अपराध कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं। अपराधियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।