भोपाल शहर के फिटनेस एथलीट अल्ताफ सुलतान खान ने जबलपुर में आयोजित महापौर ट्रॉफी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'चैंपियन ऑफ चैंपियन' और 'Mr. MP' का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। अल्ताफ ने न केवल प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, बल्कि ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी में भी विजय हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
मध्य प्रदेश के प्रमुख फिटनेस प्लेटफॉर्म्स में से एक महापौर ट्रॉफी में विभिन्न श्रेणियों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। अल्ताफ ने अपनी शारीरिक ताकत, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने अपनी बेहतरीन पर्फॉर्मेंस के साथ 'Mr. MP' का खिताब जीतने के साथ ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी का भी खिताब जीता, जिससे वह मध्य प्रदेश के शीर्ष बॉडीबिल्डर के रूप में उभरकर सामने आए। अपनी इस उपलब्धि पर अल्ताफ ने कहा कि उनकी इस सफलता में उनके कोच इसरार मलिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से उन्होंने अपनी सीमाओं को पार किया। अल्ताफ ने अपनी जीत के बाद कहा कि यह सफलता मेरी मेहनत, समर्पण और मेरे कोच, परिवार और समर्थकों के बिना संभव नहीं होती। मैं अपनी कड़ी मेहनत से भविष्य में भी अपने राज्य और देश का नाम रोशन करने का प्रयास करूंगा। अल्ताफ सुलतान खान का मानना है कि फिटनेस केवल शारीरिक ताकत तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास का भी परिणाम है।