राजधानी भोपाल में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन रविवार को भी जारी है। भोपाल के 8 बड़े घाट और 33 अस्थायी कुंड में शनिवार सुबह से ही गणेश मूर्तियों का विसर्जन चल रहा है। निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक छोटी बड़ी मूर्तियां को मिलाकर एक लाख से ज्यादा मूर्तियों का विसर्जन हो चुका है। खास बात यह है कि इस बार मूर्ति विसर्जन के साथ घाटों में पहुंच रहे फूल माला और अन्य पूजा सामग्री को अलग से एकत्रित किया जा रहा है। जिसका निगम दोबारा उपयोग करेगा।
एक-एक पूजन सामग्री का होगा उपयोग
विसर्जन घाट पर निरीक्षण करने पहुंची महापौर मालती राय ने लोगों से फूल, माला, वस्त्र, अगरबत्ती, नारियल समेत अन्य सभी पूजन सामग्री दान की अपील की है। महापौर ने कहा एक एक पूजन सामग्री का उपयोग होगा। श्री गणेश के वस्त्रों से पूजा के बैग बनेंगे, सुगंधित फूलों से अगरबत्तियां बनेगी। मालाओं का उपयोग खाद बनाने में होगा। अगरबत्तियों और पंडाल के बांसों से ट्री गार्ड बनेंगे। अब तक हजारों क्विंटल पूजन सामग्री का एकत्रीकरण हुआ है। शहर की सभी वाटर बॉडी भी विसर्जन से प्रदूषित नहीं होगी।
यह भी पढ़ें-
भोपाल में ढोल-ढमाकों के साथ गणेश जी का हो रहा विसर्जन, बड़ी मूर्तियों को क्रेन से कर रहे विसर्जित
घाटों पर अधिकारियों की लगाई ड्यूटी
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण के साथ सभी घाटों पर पहुंचे और विर्सजन का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि सुरक्षा के साथ मूर्तियों का विसर्जन कराया जा रहा है। सभी विसर्जन घाट पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत पुलिस और नगर निगम की टीमें तैनात की गई हैं। राजधानी में अब तक करीब एक लाख से अधिक मूर्तियों का विसर्जन हो चुका है। इसमें तकरीबन 75 हजार गणेश प्रतिमाएं घाट पर वहीं करीब 25 हजार मूर्तियों का विसर्जन लोगों ने घरों के आसपास किया है।
यह भी पढ़ें-
ग्वालियर के कई भाजपा और बसपा समर्थक कांग्रेस में शामिल, पीसीसी चीफ ने वोट चोर गद्दी छोड़ के लगवाए नारे