पुलिस क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में छापा मारकर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। भोपाल पुलिस ने दिल्ली से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जालसाज इतने शातिर हैं कि वे एसबीआई क्रेडिट कार्ड के अधिकारी-कर्मचारी बनकर ग्राहकों से बात करते थे और जानकारी जुटाकर ठगी करते थे। पुलिस कुछ और ठगों की तलाश कर रही है। गिरोह दो साल से दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहा था और कार्ड अपग्रेड करने व लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर ओटीपी प्राप्त कर लेते और साइबर फ्रॉड करते थे।
गिरोह ने कॉलिंग के लिए फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली स्नातक पास युवतियों को नौकरी पर रखा था। पुलिस ने कॉल सेंटर से 9 मोबाइल जब्त किए हैं। कॉल सेंटर के संचालक और गिरोह के सरगना की तलाश की जा रही है। आरोपियों में तीन युवतियां हैं और एक युवक है।
भोपाल के शख्स से की थी 95 हजार की ठगी
आरोपियों के भोपाल निवासी एक व्यक्ति का एसबीआई क्रेडिट कार्ड अपग्रेड करने के नाम पर ओटीपी लेकर 95 हजार 500 की ठगी की थी। इस मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही थी। जांच के बाद फ्रॉड बैंक खाते के वास्तविक उपयोगकर्ता के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे।
इन्हें किया गिरफ्तार
एडीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेन्द्रसिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने नई दिल्ली में स्थित फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर राहुल सियोल पिता त्रिलोक सियोल (39), जूनापारा, बैकुंठपुर जिला कोरिया छत्तीसगढ़ हाल पता- डी-181, थर्ड फ्लोर अवंतिका रोहिणी सेक्टर-1, थाना विजय विहार दिल्ली, निधि उर्फ पूजा वर्मा पुत्री चुन्नीलाल (25) निवासी फ्लैट नं. 54, पार्क व्यूह अपार्टमेंट, बरवाला, सेक्टर 34, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, प्रिया पुत्री राजेश ( 21) वर्ष निवासी आरजे-46ए, महेन्द्र पार्क 7, जनकपुरी नई दिल्ली और मेघा पुत्री सुरेंद्र सिंह (25) निवासी डी-21, कला मंदिर के पास, मंगोलपुरी, नई दिल्ली को पश्चिमपुरी नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।