राजधानी की कोलार थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से बैंक खाता बेचने व खरीदने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने तीन महीने के भीतर दो बैंक खातों में 5.56 करोड़ रुपये से ज्यादा का ट्रांजेक्शन किया था। इस मामले में अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से 8 लाख रुपए नकद, लैपपाट और मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का सामान जब्त हुआ है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
जानकारी के अनुसार इस मामले की शिकायत बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा मंदाकिनी कालोनी कोलार रोड द्वारा पुलिस को ईमेल के माध्यम से दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि एक खाता धारक राहुल श्रीवास्तव अपना बैंक खाता बंद करवाने के लिए आया है। इस खाता धारक के दो अकाउंट में पिछले 3 महीने के भीतर 5.56 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन हुआ है, जो सायबर अपराध की तरफ इशारा करता है। इसके साथ ही करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन का विवरण भी पुलिस को दिया गया था।
पुलिस ने जब खाताधारक राहुल श्रीवास्तव को तलब किया तो उसने बताया कि अपने दोनों खाते उदयपुरा रायसेन निवासी घनश्याम सिंगरोले को 45 हजार रुपए किराए पर ट्रेडिंग के लिए दिए थे, जिसके द्वारा उसे चालीस हजार रुपये का भुगतान भी किया गया है। पुलिस ने जब आगे जांच की तो पता चला कि राहुल श्रीवास्तव और उसकी पत्नी प्रीति श्रीवास्तव के नाम पर उसी बैंक में दो और अकाउंट ऑनलाइन खोले गए हैं, जिनकी जानकारी दोनों को नहीं थी। इन दोनों खातों में भी करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है।
युवक-युवती ने बनाए थे फर्जी दस्तावेज
घनश्याम ने राहुल को बताया कि वह करेंट अकाउंट खुलवा कर देगा तो उसे और ज्यादा फायदा होगा। इसके लिए घनश्याम ने उसका संपर्क निकिता प्रजापति और नितेश शुक्ला से करवाया था। यह दोनों छत्तीसगढ़ी कॉलोनी बागसेवनिया में एक साथ रहते हैं। राहुल ने उनसे संपर्क किया तो दोनों ने उसकी पत्नी प्रीति श्रीवास्तव के नाम पर एक फर्जी गुमाश्ता, दुकान का स्थापना प्रमाण-पत्र और फर्जी संस्थान का रजिस्ट्रेशन करवा दिया।
निकिता मूलतः बुधनी जिला सीहोर और नितेश सिंगरौली का रहने वाला है। दोनों एनके इंटर प्राइजेस के नाम से डॉक्यूमेंटेशन का काम करते थे। वह लोगों के पेनकार्ड, गुमाश्ता, फूड लायसेंस, आईटीआर, जीएसटी के साथ ही करेंट एकाउंट खुलवाने का काम करते थे। बाद में यह करेंट अकाउंट सुनील कुमार काकोड़िया और निखिल ऊंचे दामों पर बेच दिया करते थे। 8 लाख नकदी समेत लाखों का समान जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, 3 कार्ड स्वाईप मशीन, मशीन रोल पेपर, 6 मोबाइल फोन, 34 क्रेडिट/डेबिट कार्ड, 20 चैक, 24 चैकबुक, 6 पासबुक, सिम रैपर, 77 सिम कार्ड, 2 डायरी, 1 कापी, 12 एटीएम पिन रैपर, 1 लैपटाप, 2 वायफाय राऊटर आदि सामान जब्त किया गया है। खाता धारक राहुल श्रीवास्तव की आपराधिक संलिप्तता पाये जाने से उसे भी गिरफ्तार किया गया है। उससे एक मोबाईल फोन, 2 पासबुक और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।