राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक डेयरी संचालक को ब्राउन शुगर और गांजे की तस्करी करते हुए भोपाल क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। आरोपी डेयरी संचालन की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
आरोपी दतिया से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर भोपाल में तस्करी करता है। ज्ञात हो दतिया प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का गृह जिला है। क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना के बाद दबिश देकर तस्कर को दबोचा है। उसके पास से 8 ग्राम ब्राउन शुगर व 1 किलो 250 ग्राम गांजा मिला। पुलिस आरोपी से अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
क्राइम ब्रांच को रविवार को दोपहर बाद सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मुर्गी बाजार के पास ब्राउन शुगर बेचने की फिराक में खड़ा है। सुचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टीम ने हुलिए के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय घोसी पुत्र वीर सिंह घोसी (30) बताया। वह सागर जिले के कुरई थाना क्षेत्र के सुभाष वार्ड का रहने वाला है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दतिया से अवैध मादक पदार्थ एक व्यक्ति से खरीदता था और भोपाल लाकर बेचता है। आरोपी संजय आठवीं पास है और दूध डेयरी का काम करता है। पुलिस आरोपी के पुराने अपराधों की जानकारी भी जुटा रही है।