राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ सामग्री की दुकान चलाने वाले एक 63 साल के व्यक्ति द्वारा दुकान में आने वाली मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार को दो बच्चियों के साथ उसने अश्लील हरकत की। इसके बाद दोनों के परिजनों ने थाने में मामला दर्ज करा दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोलार पुलिस के अनुसार, दर्वेश रेसीडेंसी कोलार में रहने वाला रामनरेश त्रिवेदी साहू मार्केट, प्रियंका नगर कोलार पूजा-पाठ सामग्री की दुकान चलाता है। आरोप है कि दुकान में पूजा-पाठ का सामान खरीदने आने वाली महिलाओं से द्विअर्थी संवाद करता और बच्चियों को बुरी नियत से छूता था। कुछ महिलाओं को लगा कि बुजुर्ग होने के कारण वह बच्चियों को दुलार करता है, लेकिन जब कुछ बच्चियों से बैड टच के संबंध में अपनी मां को बताया, तब उसकी हरकतों पर नजर रखी जाने लगी।
सोमवार को चार और आठ साल की दो मासूम बच्चियों को लेकर उनकी माताएं कोलार थाने पहुंचीं और बुजुर्ग दुकानदार के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने बुजुर्ग को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।