कांग्रेस ने विजयपुर एवं बुधनी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को हुए मतदान में धांधली का आरोप लगाया है। अनियमितताएं एवं धांधली की शिकायत को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल घंटी बजाते हुए बुधवार दोपहर भोपाल स्थित निवार्चन आयोग के कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं का कहना है। बुधनी विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी लाडली बहना योजना का पैसा बंद कर देने के नाम पर मतदाताओं को डरा रही है। वोट डालने जाने वाली महिलाओं के नाम नोट किए जा रहे हैं और बीजेपी को ही वोट डालने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से दबाव डाला गया। विजयपुर सीट पर भी जबरन गिरफ्तारी और मारपीट के आरोप वाले वीडियो भी सीईओ को सौंपे गए।
इसलिए घंटी बजाते हुए पहुंचे
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव में गुंडागर्दी और धांधली की शिकायत आयोग से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए घंटी बजाते हुए आयोग के अधिकारियों को जगाने की कोशिश की गई। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, प्रदेश कांग्रेस अजा विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, प्रवक्तागण जितेन्द्र मिश्रा, रवि वर्मा, अभिनव बरोलिया और विवेक त्रिपाठी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
मताधिकार से वंचित किया जा रहा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की गई शिकायत में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा है कि विजयपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा को अनावश्यक गिरफ्तार किया गया। इस क्षेत्र में मतदान में भारी अनियमितताएं और धांधली हुई। मतदान से एक दिन पहले मल्होत्रा के 20 से 25 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जबरन गिरफ्तार किया और मताधिकार से वंचित किया। कांग्रेस ने यह भी शिकायत की है कि मतदान केंद्रों से मतदाताओं को खदेड़ा गया। इसके वीडियो और फोटोग्राफ चुनाव आयोग को दिए गए। नायक ने बताया कि चुनाव आयोग से यह शिकायत भी की गई है कि बुधनी विधानसभा सीट के 137 बूथ पर आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों में बैठाया गया। यह महिला वोटर्स से पूछ रही थीं कि लाडली बहना योजना का पैसा मिल रहा है या नहीं। अगर मिल रहा है तो अपना नाम बताओ। अगर बीजेपी नहीं जीती तो अगले माह से लाडली बहना योजना का पैसा नहीं मिलेगा।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इन बिंदुओ पर की शिकायत
1. विजयपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को मतदान दिवस पर अनावश्यक रूप से गिरफ्तार किया गया, जो कि लोकतंत्र के परंपराओं के अनुरूप नहीं है, जबकि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने निर्वाचन कार्यों का संचालन कर रहे थे।
2. विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में रात्रि में ही करीब 20-25 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा जबरिया गिरफ्तार कर लिया गया, उन्हें मताधिकार से वंचित किया गया।
3. विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में ही आदिवासी वर्ग में मतदाता पर्ची वितरित न किये जाने से उन्हें मताधिकार से वंचित किया गया तथा मतदान केंद्र पर पुलिस द्वारा मारपीट कर मतदाताओं को खदेड़ा गया।
4. बुधनी विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश मतदान केंद्रों में आंगनवाडी कार्यकर्ताओं को भाजपा द्वारा 1500-1500 रुपये का भुगतान कर उनकी ड्यूटी लगाई गई, ताकि वे लाडली योजना के लाभ के बारे में महिला मतदाताओं को बता सकें और भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करती रहें।
5. बुधनी विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज में अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं से भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा मतदान करने जाते समय उनसे पर्चियां छीनी गईं, आपका मतदान हो गया कहकर उन्हें भगाया गया। इससे वहां भय का वातावरण निर्मित किया गया।