राजधानी भोपाल में अनधिकृत हूटर लगाने को लेकर कांग्रेस नेता ने गुरुवार को ट्रैफिक डीसीपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने सवाल उठाया कि हूटर लगाने की पात्रता किन-किन लोगों को है और निगरानीशुदा हिस्ट्रीशीटर अपराधी हूटर का इस्तेमाल कर दहशत फैलाकर अपराध कर रहे हैं या अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? उन्होंने मांग की कि यह अभियान राजधानी से शुरू होकर पूरे प्रदेश में चलाया जाए।
गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनके सिद्धांतों की याद दिलाया
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके सिद्धांतों की याद दिलाने के लिए गांधीजी का प्रतीकात्मक चश्मा भेंट कर अनुरोध किया कि हूटर का अवैध रूप से उपयोग करने वालों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाए। मनोज शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जो कि स्वयं गृह मंत्री भी हैं उनके बार-बार के आश्वासन के बावजूद शहर में घटनाएं रूक नहीं रहीं। कई हिस्ट्रीशीटर गुंडे गाड़ी पर कमल के फूल का निशान लगाकर हूटर लगा रहे हैं।
हूटर लगी गाड़ी में 52 किलो सोना मिला
शुक्ला ने आरोप लगाते हुए कहा कि गाड़ियों में लगे अनधिकृत हूटर की यातायात और सुरक्षा एजेंसियां या तो जान-बूझकर या उनके रसूख की वजह से जांच नहीं कर रही हैं। या फिर नेता और अधिकारियों की मिली भगत से यह खेल चल रहा है। पिछले दिनों अचंभित कर देने वाली घटना सरकार के नाक के नीचे राजधानी भोपाल में हुई। जिसमें हूटर लगी गाड़ी में 52 किलो सोना, कई क्विटंल चॉदी और करोड़ों की नगदी बरामद हुई है। क्या जिस गाड़ी में इतनी अकूत संपत्ति बरामद हुई है क्या उस गाड़ी में हूटर लगाने की पात्रता थी। इतनी बड़ी घटना के बावजूद अनधिकृत हूटर पर कार्रवाई नहीं होने से इस आशंका को बल मिलता है कि प्रशासन या तो दबा और डरा हुआ है या फिर मिलीभगत है। इस अवसर पर रविशंकर मिश्रा, तारिक अली, अमित खत्री, बृजेंद्र शुक्ला, संदीप सरवैया, प्रिंस नवांगे, मुकेश पंथी, फहीम बख्श, बाबर खान, कमरुद्दीन दाऊदी, अनीस सलमानी, उमर अली, आमिर अली, अलीमुद्दीन बिल्ले, दिनेश माली, फिरोज खान, फैजान खान, केशव राव मोरे, हफीज उद्दीन, शानू खान, राहुल सेन, सलीम कुरैशी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।