निरीक्षण करने पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल आएंगे। सरकार उनकी मौजूदगी में जंबूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को भव्य बनाने में जुटी हुई है। सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बुधवार को पीएम के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उत्तम प्रबंध के दिशा-निर्देश दिए।
ऐतिहासिक स्थल पर नया रिकॉर्ड बनाया जाएगा
इस दौरान सीएम ने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल पर नया रिकॉर्ड बनाया जाएगा। अंग्रेजी तिथि के अनुसार 31 मई देवी अहिल्याबाई की जन्म तिथि है। भारत सरकार और मध्य प्रदेश सरकार ने मिलकर अहिल्या उत्सव का कैलेंडर जारी किया है। उन्होंने कहा कि हम सब ने निर्णय किया है कि देवी अहिल्या के सुशासन के साथ नारियों के स्वावलंबन और उनके जीवन में बेहतरी आ सके, रोजगार आ सके, ऐसे प्रयास किए जाएंगे। उनकी आमदनी बढ़े, घर में आर्थिक रूप से उनका सम्मान बढ़े, स्वयं सहायता समूह को भी बढ़ावा मिले, बहन बेटियां लखपति बनें, ऐसे कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में 300 से अधिक समूहों के साथ महिलाओं को बुलाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कार्यक्रम में दो लाख से अधिक महिलाएं आएंगी।
यह भी पढ़ें-प्रदेश में जारी रहा आंधी-बारिश का दौर, पारा 45 डिग्री पार पहुंचा, अगले तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
बता दें, देवी अहिल्या की 300वीं जयंती समारोह के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल आएंगे। इस दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कई योजनाओं का एलान होगा और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।