राजधानी के तलैया थाना क्षेत्र में रहने वाली जिस 17 वर्षीय किशोरी ने दो दिन पहले हनुमानगंज थाने में अपने सहपाठी पर दुष्कर्म करने और शादी से मुकरने का मामला दर्ज कराया था, उस लड़की के माता-पिता पर 10 लाख रुपये की अड़ीबाजी, बेटी से शादी नहीं करने पर दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने को लेकर कोहेफिजा पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया है। हालांकि अभी तक दोनों मामलों में से एक में भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कोहेफिजा पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी कक्षा 11वीं में पढ़ती है। उसने हनुमानगंज थाने में एक नाबालिग सहपाठी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। छात्रा का कहना है कि छात्र उसके साथ स्कूल में पढ़ता है और अप्रैल 2022 में वह उसे भोपाल के अल्पना टॉकीज में फिल्म दिखाने ले गया और टॉकीज के अंदर ही बॉक्स वाली सीटों के नीचे उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 10 महीने तक उसने शारीरिक शोषण किया और अब शादी से मुकर गया।
शादी के लिए बना रहे थे दबाव
उधर, जिस नाबालिग छात्र के खिलाफ उक्त मामला दर्ज है, उसके पिता ने लड़की के माता-पिता के खिलाफ 10 लाख की अड़ीबाजी का मामला दर्ज करा दिया है। आरोपी नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि छात्र व छात्रा की दोस्ती की जानकारी जैसे ही लड़की के माता-पिता को लगी, वे कहने लगे कि 10 लाख रुपये दो, नहीं तो तुम्हारे बेटे के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज करा देंगे। वे लड़की को बहू बनाने के लिए मुझ पर दबाव बनाने लगे, चूंकि मेरा लड़का नाबालिग है, इसलिए मैंने शादी करने से इनकार कर दिया। मैंने 10 लाख रुपये देने से भी इनकार कर दिया तो उन लोगों ने नाबालिग बेटे के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करा दिया। इतना ही नहीं मैं रुपये नहीं दे पा रहा हूं, इसके लिए मुझे आए दिन घर आकर धमकी देते हैं। पुलिस ने दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग छात्रा के माता-पिता के खिलाफ आईपीसी की धारा 384 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।