गुरुवार दोपहर श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में लाड़ली बहना योजना की ई-केवाईसी कराकर लौट रहीं तीन महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और एक अन्य महिला घायल हो गई। जहां हादसा हुआ है, उसके पास ही युवती का पिता पानी वाले नारियल का ठेला लगाता है। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद चार चालक को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार निशा यादव पंचमुखी हनुमानमंदिर के पास तलैया क्षेत्र में रहती है। वह लाडली बहना योजना का फार्म भरने के लिए श्यामला हिल्स क्षेत्र में ई-केवाईसी कराने गई थी। उसके साथ उसकी 20 वर्षीय बेटी पायल यादव और पड़ोस में रहने वाली महिला रूबी सोनी भी थी। तीनों दोपहर सवा दो बजे कमला पार्क के पास स्थित मजार के सामने से सड़क पार कर रही थीं। महिलाएं शीतलदास की बगिया की तरफ से कमला पार्क की तरफ जा रही थीं, वहां से फुटपाथ होकर अपने घर जाना था। तभी पॉलिटेक्निक कॉलेज से कमला पार्क की तरफ जा रही कार (एमपी-04-टीबी-4283) ने तीनों महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में युवती पायल यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पड़ोस में रहने वाली महिला घायल हो गईं।
पिता के सामने ही बेटी की मौत
पायल के पिता मजार के सामने स्थित हनुमान मंदिर के पास नारियल का ठेला लगाते हैं। वे हादसे वाले स्थान से चंद कदम की दूरी पर ही थे। वे पत्नी-बेटी व अन्य महिला को सड़क पार करते हुए देख रहे थे। वे अचानक मुड़े और हादसा हो गया। एक्सीडेंट के बाद सबसे पहुंचने वालों में मृत युवती के पिता भी शामिल थे। उनकी बेटी ने उनकी आंखों के सामने ही दम तोड़ दिया।
कमलनाथ ने जताया दुख
भोपाल में कमला पार्क के पास सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं के घायल होने और एक युवती की दुखद मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ। यह महिलाएं लाडली बहना योजना के लिए ई केवाईसी रजिस्ट्रेशन करा कर लौट रही थीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं राज्य सरकार से अनुरोध करता हूं कि लाडली बहना योजना में हमारी बहनों को इस तरह से परेशान ना किया जाए और उनकी सुरक्षा के पूरे उपाय किए जाएं। प्रदेश के कई इलाकों से पहले ही रजिस्ट्रेशन के दौरान बहनों के परेशान होने के समाचार आ रहे थे और अब इस तरह का हृदय विदारक समाचार सामने आया है। सभी बहनों की सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता होनी चाहिए।