कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का देश भर में लगातार विरोध किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) ने विरोध में शनिवार को भोपाल आधे दिन बंद रहा। जिसका शहर के 13 व्यापारिक संगठनों ने समर्थन किया है। बंद से इमरजेंसी मेडिकल सेवा को बाहर रखा गया था। 3 हजार मेडिकल स्टोर्स और थोक दवा दुकानें खुली रहीं। दूध की सप्लाई भी प्रभावित नहीं हुई। वहीं, चाय-नाश्ता की दुकाने खुली रहीं। दोपहर 12 बजे कोहेफिजा स्थित चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ऑफिस में पहलगाम के मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने बताया कि भोपाल व्यापारी संगठन पहलगाम आतंकी घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार वालों के साथ खड़ा है। इस निर्मम हमले के विरोध में भोपाल शहर बंद किया गया। श्रद्धांजलि सभा में भोपाल चेंबर के लगभग 150 सदस्य मौजूद रहे।
न्यू मार्केट के अधिकांश दूकाने रहीं बंद
न्यू मार्केट व्यापारी संरक्षण समिति के आह्वान पर भोपाल में अधिकांश प्रतिष्ठान दोपहर तक बंद रहे। अध्यक्ष सतीश कुमार गंगराड़े समेत पवन वरदानी, प्रदीप कुमार गुप्ता और अजय देवनानी ने बताया कि सभी व्यापारियों की सहमति के बाद बंद किया गया। पुराने भोपाल के कारोबारियों ने भी बंद का समर्थन करते हुए दुकानें आधे दिन तक बंद रखा। चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के हरीश ज्ञानचंदानी ने कहा सभी सदस्यों ने आतंकी हमले का घोर विरोध किया। दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु भगवान से प्रार्थना की।
बंद को भोपाल की 13 समितियों का समर्थन
भोपाल के 13 से अधिक व्यापारी समितियों के आग्रह पर शहर का अधिकांश हिस्से में बंद का असर देखा गया। इसमें भोज इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी एंड ऑफिस ऑटोमेशन डीलर्स एसोसिएशन, भोपाल कोचिंग एसोसिएशन, कोलार व्यापारी संघ, 10 नंबर मार्केट व्यापारी संघ, कार एसेसरीज संगठन, होलसेल सराफा एसोसिएशन, किराना व्यापारी संघ, टैक्स लॉ बार एसोसिएशन, प्लाइवुड हार्डवेयर व्यापारी एसोसिएशन, न्यू सराफा एसोसिएशन, ग्रीन एंड ऑयल सीड मर्चेंट एसोसिएशन, लोहा व्यवसाय एवं निर्माता संघ, इंद्रपुरी व्यापारी एसोसिएशन, ओल्ड होलसेल रेडीमेड एवं होजरी व्यापारी संघ, इंद्रपुरी व्यापारी महासंघ इंद्रपुरी सहित भेल भी बंद के समर्थन में रहा।
यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में आज कुछ क्षेत्रों में गर्मी से मिल सकती है राहत, 19 जिलों में बारिश का अलर्ट
बंद में जारी रही इमरजेंसी सेवाएं
बंद के दौरान इमरजेंसी सेवाओं में थोक दवा बाजार, मेडिकल स्टोर्स सहित अस्पताल खुले रहे। भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने बताया जरुरी सेवाओं को छोड़कर बाकी बंद को पूरा समर्थन रहा। कहीं भी मरीजों को इमरजेंसी सुविधाओं का लाभ पाने में परेशानी जैसी कोई सूचना नहीं है।