भोपाल के टीटी नगर पुलिस ने आनंद विहार स्कूल के पीछे शिवनगर इलाके में खड़ी कार से एक अधेड़ व्यक्ति की लाश बरामद की। उसने जहर पीकर खुदकुशी की थी। इस मामले में मृतक का एक वीडियो भी वायरल हुआ है जो उसने घर से निकलने व खुदकुशी करने के पहले बनाया था। इस वीडियो में उन्होंने सोम डिस्टिलरीज के संचालक जगदीश अरोरा, अनिल अरोरा, अजय अरोरा पर पैसे नहीं देने के आरोप लगाए हैं। राधेश्याम सेन ने सुसाइड से पहले वीडियो बनाया पत्नी को भेजा था। मामले में टीटी नगर थाना पुलिस जांच कर रही है।
वीडियो में उन्होंने संचालकों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने लाखों रुपए डकार लिए हैं। वर्ष 2003 में पार्टनरशिप हो जाने के बाद भी शराब कंपनी के संचालकों ने पैसे का भुगतान नहीं किया गया। दो साल पहले उन्हें पंद्रह लाख रुपए देकर चुप करा दिया गया। वीडियों में अधेड़ ने अपने बच्चों को कर्जमुक्त कराने की बात भी कही।
बता दें टीटी नगर पुलिस को शुक्रवार की शाम सूचना मिली थी कि आनंद विहार स्कूल के पीछे एक सफेद रंग की कार बहुत देर से खड़ी हुई है। कार में पीछे की सीट पर एक व्यक्ति लेटा हुआ है जो कि बिल्कुल भी हिल नहीं रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस स्टॉफ के साथ ही एसीपी टीटी नगर चंद्रशेखर पांडे भी मौके पर पहुंच गए। जिसमें मृतक की पहचान राधेश्याम सेन के रूप में हुई।