राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले इस कदर बढ़े हुए हैं कि वे अवैध पिस्टल लेकर दिनदहाड़े सोने-चांदी के जेवरों और आभूषणों से सजी एक ज्वेलरी शॉप को लूटने पहुंच गया। बदमाश ने दुकान के संचालक पर अवैध हथियार के बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद दुकान संचालक ने अपने कर्मचारी के साथ मिलकर बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश छुड़ाकर भागने का प्रयास कर ही रहा था कि फरियादी का शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग एकत्रित हो गए और बदमाश को जमकर धुना। इसके बाद सभी ने बदमाश को पीटते हुए थाने ले गए और पुलिस को सौंप दिया।
बता दें कि पुलिस पूरे मामले में पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद लूट के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बदमाश सिर्फ लूट के इरादे से आया था या उसका फरियादी से कोई पुराना विवाद है।
यह भी पढ़ें: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में चार मामले दर्ज, 52 पशुओं का किया रेस्क्यू
शाहपुरा थाना प्रभारी लोकेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मनोज जैन विष्णु हाइटेक सिटी बावड़ियाकला में रहते हैं और रोहित नगर में अक्षांश ज्वेलर्स एण्ड रत्न परीक्षण केंद्र के नाम से दुकान संचालित करते हैं। सोमवार दोपहर करीब दो बजे एक हट्टा-कट्टा बदमाश दुकान में घुसा और सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकान में उस समय मनोज जैन के अलावा एक कर्मचारी था। एक कर्मचारी पास में ही था। दुकान मालिक मनोज जैन ने जब सोने की चेन दिखाने के लिए बढ़े तभी ग्राहक बनकर आए बदमाश से कहा कि अपने चेहरे से नकाब हटाओ। वह नकाब हटाने को तैयार नहीं हुआ तो मनोज ने सोने के चेन से भरा बॉक्स खोलने से इंकार कर दिया। इसी बीच कुछ कहासुनी हुई और बदमाश ने पिस्टल निकालकर दो हवाई फायर कर दिया।
यह भी पढ़ें: अज्ञात वाहन की टक्कर से चीतल की मौत, वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार, दमोह-कटनी स्टेट हाइवे की घटना
दबोचने के दौरान हुई मारपीट
टीआई ने बताया कि हवाई फायर के बाद मनोज और और उनका कर्मचारी बदमाश को पकड़ने का प्रयास करने लगे तो वह सामान लूटने की कोशिश की। इसी बीच आरोपी ने पिस्टल के बट से उन पर हमला कर दिया, लेकिन दोनों लोगों ने मिलकर बदमाश को दबोच लिया। वह भागने का प्रयास किया, लेकिन हवाई फायर की आवाज और शोर शराबा सुनकर आसपास के कई दुकान संचालक एकत्रित हो गए थे। सभी ने मिलकर बदमाश को पकड़ा और पीटते हुए थाने लेकर पहुंचे हैं।
थाने के बाहर जमा हुए दुकान संचालक
दिनदहाड़े इस तरह की घटना होने के बाद रोहित नगर के कई व्यापारी थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने कहा कि फरियादी मनोज जैन का मेडिकल कराया गया है। फरियादी मनोज जैन ने पुलिस को बताया कि जब मैं सोने का चैन लेने के लिए जा रहा था तभी उसने पिस्टल तानकर मेरे कर्मचारी को किनारे बैठा दिया था। झूमाझटकी के दौरान उसने काउंटर में रखे कुछ नकदी और रिपेयरिंग वाली ज्वेलरी निकालकर अपनी जेब में रख लिया था।