मध्यप्रदेश के युवा उत्सव की शुरुआत सोमवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में की। इसका समापन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। विजेता 12 जनवरी को नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस उत्सव में प्रदेश की चुनी हुई टीम हिस्सा लेगी। 28वां राज्य स्तरीय युवा उत्सव 8 जनवरी तक चलेगा। इसमें 350 युवा शामिल हैं।
राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की महती भूमिका
मंत्री सारंग ने युवाओं का आहवान करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ दें, जिससे मानव जाति उन्हें सदैव याद रखे। युवा उम्र से नहीं जज्बे से होते है। युवा शक्ति ही देश में नये आयाम स्थापित करती है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की महती भूमिका है। सारंग ने युवाओं को पर्यावरण, पानी और बिजली बचाने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता अर्जित की जा सकती है। ईमानदारी और अनुशासन के साथ संयम की भी जरूरत है। अपने दायित्व निर्वहन करना ही जिम्मेदारी है। युवाओं में कर्तव्य बोध होना बहुत जरूरी है। सशक्त और संस्कारी युवा ही मध्यप्रदेश और देश की पहचान बने।
राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रधानमंत्री मोदी के साथ संवाद
28वां राष्ट्रीय युवा उत्सव इस वर्ष 10 से 12 जनवरी 2025 को नई दिल्ली के भारतमंडपम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर के 15 से 29 वर्ष के लगभग 7500 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महोत्सव में स्वयं उपस्थित रहेंगे और युवाओं से संवाद करेंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 'पंच प्राण' और 'आजादी के अमृत महोत्सव' के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश के युवा प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन कर सकें।
प्रदेश का दल राष्ट्रीय स्तर पर करेगा मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व
प्रदेश में जिला, संभाग और राज्य स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस महोत्सव के जरिए युवा प्रतिभाओं को सशक्त मंच उपलब्ध कराना और उन्हें देश की प्रगति में योगदान के लिए प्रेरित करना मुख्य उद्देश्य है। इस आयोजन में समूह लोक गीत, समूह लोक गायन, पेंटिंग, भाषण, विज्ञान मेला, कहानी लेखन और कविता लेखन जैसी 7 विधाओं में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। राज्य स्तरीय युवा उत्सव के विजेता 8 जनवरी की रात्रि को भोपाल से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वे 12 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेंगे।
युवा उत्सव प्रतिभाओं को निखारने में सहायक
अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने कहा कि युवा उत्सव प्रतिभाओं को निखारने में सहायक सिद्ध होगा। युवाओं में युवा उत्सव की भावना केवल उत्सव तक ही सीमित न रहे बल्कि जीवन में ऊर्जा और उमंग के साथ हमेशा बनी रहे। खेल उत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर समूहों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।