स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न कार्यदायी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग बोर्ड, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पीआईयू, आईडीए, बीडीए, यूडीए एवं भवन विकास निगम सहित अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल तथा आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय शिल्पा गुप्ता भी मौजूद रहीं। मंत्री सिंह ने सभी कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिए कि स्कूलों से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में कार्य पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध निर्माण अनुबंध की शर्तों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।