भोपाल में तंजानिया की एक युवती से दुष्कर्म का मामला
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में तंजानिया की एक युवती को होटल में बंधक बनाकर मारपीट और दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी भी अफ्रीकी देश के युवक-युवती हैं। पीड़िता की शिकायत पर भोपाल पुलिस ने बंधक बनाकर दुष्कर्म और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अफ्रीकी युवक-युवती ने पीड़ित युवती को भोपाल में 10 लाख रुपये महीने के सैलरी पैकेज की नौकरी का झांसा देकर भोपाल बुलाया था।
ये भी पढ़ें-
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाया, दुष्कर्म के आरोप में डेढ़ महीने से फरार युवक गिरफ्तार; जेल भेजा
कोलार थाना पुलिस के अनुसार अफ्रीकी युवक-युवती थाना क्षेत्र में रहते हैं। दोनों ने तंजानिया की एक युवती को 10 लाख की सैलरी पैकेज की नौकरी का झांसा देकर भोपाल बुलाया था। युवती भोपाल पहुंची तो उसे कोलार क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहराया गया। वहां कुछ देर बाद दक्षिण अफ्रीकी युवक-युवती पहुंचे और नौकरी के नाम पर उसे देह व्यापार करने का दबाव बनाने लगे। युवती ने देह व्यापार करने से इंकार कर दिया और दबाव बनाने पर पुलिस से शिकायत की धमकी देने लगी। इसके बाद आरोपी युवक-युवती ने पीड़िता को होटल के कमरे में ही बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि युवक-युवती ने मेरे साथ मारपीट की। इसके बाद युवक ने मेरे साथ दुष्कर्म भी किया है। हालांकि, पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है, लेकिन उसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों युवक-युवती भोपाल पहुंचने पर कहा कि इतनी मोटी रकम प्रतिमाह देह व्यापार से ही कमाई जा सकती है। देह व्यापार के लिए ही हम लोगों ने यहां बुलाया है। पुलिस पीड़िता के इस बयान के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं दक्षिण अफ्रीकी जोड़ा भोपाल या मध्यप्रदेश में कहीं देह व्यापार का गिरोह तो संचालित नहीं कर रहा था। पुलिस होटलों से दक्षिण अफ्रीकी युवक-युवती के संबंध में भी जानकारी खंगाल रही है।