भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में तैनात 35 वर्षीय एसएसबी जवान संदीप खारवाते ने ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। मौके से मराठी में लिखा सुसाइड नोट मिला, जिसमें पत्नी से माफी मांगने और निजी कारणों का उल्लेख होने की बात सामने आई है।
राजधानी भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान की पहचान महाराष्ट्र निवासी 35 वर्षीय संदीप खारवाते के रूप में हुई है। घटना बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है, जब नाइट ड्यूटी खत्म करने के बाद जवान ने यह खौफनाक कदम उठाया। मौके पर पहुंची पुलिस को मराठी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी प्राथमिक जांच में घटना की वजह निजी कारण बताई जा रही है।
विज्ञापन
रात 10 बजे पत्नी से हुई थी आखिरी बात
जवान की पत्नी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी पति संदीप से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, तब उन्होंने ड्यूटी पर होने की बात कही थी। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 4 बजे विभाग की ओर से उन्हें संदीप की मौत की दुखद सूचना मिली।
हिंदी अनुवाद कराकर होगी जांच
कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट मराठी भाषा में लिखा गया है। सुसाइड नोट का हिंदी में अनुवाद कराकर उसका बारीकी से परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्राथमिक तौर पर जो बातें सामने आई हैं, उसमें जवान ने अपनी पत्नी से माफी मांगी है और कदम उठाने के पीछे निजी कारणों का जिक्र किया है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर हमीदिया अस्पताल की मच्र्युरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जवान के साथियों, विभागीय अधिकारियों और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि खुदकुशी से जुड़े हर पहलू की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके। ऑन ड्यूटी एक जवान द्वारा आत्महत्या करने को वर्दी वाली नौकरियों में बढ़ते टेंशन से भी जोड़ा जा रहा है।