सेवादल की रैली में शामिल दिग्विजय सिंह
- फोटो : अमर उजाला
राज्यसभा सांसद और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में आज सेवादल ने राज्य सरकार के विरोध में रैली निकाली। रैली कांग्रेस कार्यालय में जाकर खत्म हुई। दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक जैन भाभा की पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस दौरान पीसी शर्मा सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए दिग्विजय सिंह ने सरकार पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि सरकार 24 घंटे में 50 घंटे काम करें, लेकिन नतीजा क्या हो रहा है। प्रदेश में अवैध शराब बिक रही है, गरीबों का राशन बाजार में बिक रहा है। सीएम खुद राजगढ़ में जाकर अधिकारियों को सस्पेंड कर के आए। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस के विधायक ने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी, तब जानकारी मिली। सांसद महोदय और भाजपा के नेताओं ने शिकायत नहीं की। पूरे प्रदेश में भाजपा और शिवराज जी का शासन फेल है, गरीब त्रस्त हैं दलाल मस्त हैं।
वहीं रतलाम के सुराना गांव में हिन्दुओं के पलायन के मामले पर उन्होंने कहा कि ये जो देश में नफरत का बीज बोए हुए हैं, क्योंकि हर स्तर पर ये फेल हो गए हैं। मंहगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, बिजली के बिल बढ़ते जा रहे हैं। खाद मिल नहीं रही है। इनके पास 1925 से आज तक केवल एक एजेंडा है वो है नफरत, नफरत कोई धर्म नहीं फैलाता। नफरत वो फैलाते हैं जो धर्म की परिभाषा नहीं समझते, इंसानियत के खिलाफ है, भारतीय संविधान के खिलाफ हैं वो ही देश में नफरत फैला रहे हैं।
वहीं कांग्रेस द्वारा निकाली गई सेवादल की रैली पर कोरोना एडिशनल सीपी सचिन अतुलकर ने कोरोना नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज करने की बात कही है। पुलिस सेवादल द्वारा निकाली रैली की वीडियोग्राफी कराएगी। रैली में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।