मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित राजाभोज हवाई अड्डे की सुरक्षा में रविवार को सेंध लगा, जिससे यात्रियों की परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल, एक 25 वर्षीय युवक हवाई अड्डे की दीवार फांद कर हवाई अड्डा परिसर में घुस गया और हवाईअड्डे से लगे मध्यप्रदेश सरकार के (स्टेट) हैंगर में घुस गया और पार्किंग में खड़े राधास्वामी सत्संग के हेलिकॉप्टर अगस्ता एडब्ल्यू- 139 में तोड़फोड़ की। इसके बाद उदयपुर जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट के आगे रनवे पर लेट गया।
जब पायलट ने युवक को रनवे पर लेटा पाया तो उसने फौरन एटीएस को इस बात की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ की टीम रनवे पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार युवक करीब पांच बजे के करीब दीवार फांदकर हवाई अड्डे के परिसर में घुस गया और हैंगर तक पहुंच गया। उसने यहां खड़े हलेकॉप्टर पर पत्थर मार-मारकर कांच तोड़ दिया। इसके बाद करीब साढ़े पांच बजे युवक रनवे पर पहुंचकर लेट गया।
इसी दौरान स्पाइस जेट की फ्लाइट उदयपुर के लिए जाने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी। तभी पायलट ने रनवे पर युवक की जानकारी एटीएस को दी। जिसके बाद रनवे पर सीआईएसएफ की टीम ने रनवे पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद से हवाई अड्डे की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
राजाभोज हवाईअड्डे पर तैनात सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि योगेश त्रिपाठी नाम का एक व्यक्ति स्टेट हैंगर में घुस गया। उसने पहले पार्किंग-बे पर हेलीकॉप्टर में तोड़फोड़ की। वह करीब 25 साल का है और स्थानीय निवासी है। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह राजाभोज हवाईअड्डे पर एप्रोन में चला गया और उदयपुर के लिए उड़ान भरने के लिए तैयार स्पाइस जेट विमान के सामने खड़ा हो गया। लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
सिंह ने बताया कि स्पाइस जेट के इस विमान में 46 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद स्पाइस जेट के इस विमान ने करीब एक घंटे की देरी से उदयपुर के लिए उड़ान भरी। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान है। वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था कि वह देश की सेवा करना चाहता है। इसके अलावा वह कह रहा था कि मैं कमांडो हूं और अपने स्किल बता रहा हूं। सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ ने बाद में इस व्यक्ति को भोपाल पुलिस को सौंप दिया।