भोपाल: लूट का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : सोशल मीडिया
देशी कट्टे के दम पर लोगों को लूटने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किया गया है। एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 22 दिसंबर 2021 को कोलार के बंजारी सेक्टर में रहने वाले जगदीश यादव पिता राम आश्रय यादव (उम्र 37) ने कोलार थाने में अपने साथ पैसे लूटने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह करीब 8 सालों से सी.एम.एस. इन्फो सिस्टम लिमिटेड के प्रांतीय ऑफिस जो कि एम.पी.नगर भोपाल जोन एक में स्थित है, उसमें कस्टोडियन कैश कलेक्शन एजेंट का काम करता है। 22 दिसंबर 2021 को जब वह 310433 रुपये कैश बैग में भरकर ICICI बैंक कोलार में जमा करने जा रहा था, तभी आई.सी.आई.सी.आई बैंक सर्वधर्म कोलार के सामने 3 अज्ञात बदमाशों ने पैसे लूटने की कोशिश की। दो लड़के स्कूटी पर बैठे थे और एक लड़का पीछे से कट्टा अड़ाकर पैसे का बैग छीनने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर तीनों लड़के भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच में लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और लोगों की सहायता से आरोपियों की तलाश में जुट गई। शनिवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फैजान अली पिता शौकत अली (उम्र 25 साल निवासी कजलीखेडा कोलार रोड भोपाल) को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की, तो आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार करते हुए अपने दो साथियों अरसान और दीपू के शामिल होने की जानकारी दी।
आरोपी ने बताया कि दीपू की लाल रंग की एक्टिवा थी, जिसे दीपू ही चला रहा था। अरसान बीच में बैठा था मैंने देशी कट्टा तानकर एजेंट का बैग छीनने का प्रयास किया परंतु वह पत्थर मारने लगा इसलिए हम तीनों वहां से भाग गए। आरोपी फैजान अली की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा व कारतूस बरामद किया गया। आरोपी के दूसरे साथी अरसान को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी दीपू की तलाश जारी है।