पुलिस जांच में बस में अकेले बैठे दिखी सपना
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 15 दिन के जुड़वां बच्चों की चोरी का मामला सामने आया है। बच्चों की मां का कहना है कि वह सड़क किनारे बच्चों को छोड़कर वॉशरूम गई थी। लौटने पर बच्चे गायब मिले। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की तो मां ही संदेह के घेरे में आ गई है। पुलिस को शक है कि मां ने तांत्रिक के कहने पर या किसी अन्य कारण से बच्चों की हत्या कर लाश ठिकाने लगा दी है।
पुलिस का कहना है कि 27 वर्षीय सपना मूलत: बैरसिया की रहने वाली है। उसकी पांच साल पहले कोलार गेस्ट हाउस के पास रहने वाले बृजमोहन से शादी हुई थी। सात सितंबर को सपना ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।सपना ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह 4.30 बजे जब सब लोग घर में सो रहे थे, तब वह जुड़वां बच्चों को लेकर बैरसिया अपने मायके जाने के लिए निकली थी। वह पैदल ही रंगमहल चौराहे तक पहुंची। वहां से दोनों बच्चे गायब हो गए। महिला ने अपने पति को इसकी सूचना दी और फिर दोनों टीटी नगर थाने एफआईआर कराने पहुंचे।
बस में बच्चे नहीं थे महिला के पास
पुलिस ने महिला के बताए रास्ते को फॉलो किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि महिला सिटी बस से अकेले उतरी थी। बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की तो पता चला कि महिला अकेले ही बैठी थी। उसके पास कोई बच्चे नहीं थे। जब महिला से पूछा गया तो वह कहने लगी कि वह भूल गई कि क्या हुआ था। सख्ती करने पर महिला झूमने लगी। खुद को पहचानने से भी मना कर दिया। महिला के परिजनों का कहना है कि सपना को माता आती है। पुलिस जांच में पता चला कि सपना बच्चों को लेकर हबीबगंज थाना क्षेत्र पहुंची। यहां थाने के पीछे बच्चों के कपड़े मिले हैं। दोनों बच्चे नहीं हैं। पुलिस अब बच्चों की हत्या कर फेंकने, तंत्र-मंत्र समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल डॉग स्क्वॉड की मदद से बच्चों की तलाश की जा रही है।