जंबूरी मैदान की 2 घंटे में सफाई की
- फोटो : अमर उजाला
स्वच्छता में देश में नंबर इंदौर को भोपाल नगर निगम चुनौती देने की तैयारी में है। शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जम्बूरी मैदान में तेंदूपत्ता संग्रहकों के सम्मेलन व लाभांश वितरण कार्यक्रम समाप्त होने के 2 घंटे के भीतर ही 800 कर्मचारियों ने मैदान और सड़क को साफ कर स्वच्छ बना दिया। इंदौर इस तरह की मिसाल पेश करता रहा है और हर बड़े कार्यक्रम के बाद कुछ ही घंटों में साफ सफाई की मिसाल कई बार पेश कर चुका है।
नगर निगम के प्रशासक गुलशन बामरा के निर्देश पर निगम आयुक्त केवीएस चौधरी ने जम्बूरी मैदान में स्वच्छता मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने समक्ष मैदान की साफ-सफाई कराई। कचरे को आयोजन स्थल पर ही पृथक-पृथक एकत्र कर तत्काल निष्पादन स्थल पर पहुंचाने के निर्देश दिए। निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य एमपी सिंह, उपायुक्त स्वास्थ्य हर्षित तिवारी सहित प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी व सहायक स्वास्थ्य अधिकारी भी स्थल पर मौजूद रहे। निरंतर मॉनीटरिंग कर सफाई कार्य सम्पन्न कराया। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के 800 सफाई मित्रों ने दो घण्टे के रिकॉर्ड समय में ही जम्बूरी मैदान की साफ-सफाई की और विभिन्न प्रकार के कचरे को पृथक-पृथक एकत्र कर कचरा ट्रांसफर स्टेशनों के एमआरएफ व निष्पादन स्थल तक पहुंचाया।
इसके अलावा निगम अमले ने जम्बूरी मैदान को जाने वाले विभिन्न मार्गों आदि की भी सफाई की। साथ ही स्टेट हैंगर, लाल परेड मैदान, श्यामला हिल्स, लिंक रोड नंबर 02, अरेरा कॉलोनी, आनंद नगर, रायसेन रोड सहित शहर के अन्य क्षेत्रों व मार्गों की भी निगम अमले ने इसी दौरान बेहतर साफ-सफाई की। सफाई कार्य में सफाई मित्रों के अलावा 48 डम्पर / ट्रक, 55 मैजिक को संलग्न किया गया था।