शहर के कटारा हिल्स क्षेत्र की सड़कों पर टहलने निकलने वाली महिलाओं और युवतियों के साथ अश्लील हरकतें करने वाले बाइक सवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि कई महिलाएं उसकी हरकतों का शिकार हुईं लेकिन पुलिस तक केवल एक युवती ही शिकायत लेकर पहुंची।
कटारा हिल्स थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अभिषेक उइके के रूप में हुई है। वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। चार नवंबर को गौरीशंकर परिसर के सामने सांदीपनि विद्यालय के पास मुख्य सड़क पर एक युवती अपने दोस्त के साथ टहल रही थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अभिषेक ने पीछे से युवती को गलत नीयत से थप्पड़ मारा और वहां से निकल गया। कुछ देर बाद वह दोबारा उसी रास्ते पर पहुंचा और युवती के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की।
ये भी पढ़ें: रतलाम: टायर गोदाम में लगी भीषण आग, पास का गैरेज और कार भी चपेट में आए, लाखों के नुकसान की आशंका
कई महिलाओं को बना चुका है निशाना
आरोपी की इस हरकत से परेशान युवती ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार अभिषेक इसी तरह क्षेत्र में कई अन्य महिलाओं और युवतियों को भी निशाना बना चुका था। वह चलती बाइक से अचानक उनके पास पहुंचता, अश्लील हरकत और अभद्र टिप्पणी करने के बाद मौके से भाग निकलता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में वारदात करना स्वीकार किया है। हालांकि पुलिस को उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस अब उसके खिलाफ सामने आए अन्य घटनाक्रमों की भी जानकारी जुटा रही है।