भोपाल में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल के गुनगा थाना इलाके में चिकन की दुकान में शुक्रवार रात एक व्यक्ति की हत्या कर दी। उसके सिर पर धारदार हथियार के चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय श्यामलाल अहिरवार ग्राम सागौनी जौरा में रहता था। वह मजदूरी करता था। शराब पीने की लत भी थी। श्यामलाल ट्राले से भूसा उतारने का काम करने रतुला गांव जाता था। रात में देर होने पर वह रतुला में ही राजू की चिकन की दुकान पर सो जाता था। शुक्रवार की रात को श्यामलाल भूसा उतारने के बाद चिकन की दुकान पर ही सो गया था। शनिवार सुबह जब उसे उठाने के लिए परिचित पहुंचा, तो वह खून से लथपथ पड़ा था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।