भोपाल में कोरोना के केस घटे (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण में तेजी से गिरावट आई है। 24 घंटे में 1334 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें करीब 127 बच्चे और 24 डॉक्टर शामिल हैं। चिंता की बात यह है कि 2 संक्रमितों की मौत भी रिपोर्ट हुई है। शहर में अभी 12 हजार 472 एक्टिव केस हैं।
सोमवार को शहर में 6941 कोरोना जांच की गई। पॉजिटिविटी दर 19.21 प्रतिशत रही। जबकि एक दिन पहले रविवार को पॉजिटिविटी दर 27.66 प्रतिशत थी। यानी पॉजिटिविटी दर में करीब 8 प्रतिशत गिरावट आई है। इसके साथ ही 1989 मरीज ठीक भी हुए है। वहीं, हमीदिया अस्पताल में भर्ती दो बुजुर्गों की मौत हुई है। एक महिला की उम्र 60 वर्ष और पुरुष की उम्र 62 वर्ष के करीब थी। दोनों दूसरी बीमारी से पीड़ित थे। इसके साथ ही भोपाल में कोरोना से मौत का आकड़ा बढ़कर 1016 पहुंच गया है।
कोलार हॉटस्पॉट में सबसे ज्यादा केस
शहर का कोलार क्षेत्र हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां पर सोमवार को 327 पॉजिटिव मिले हैं। भोपाल में अब तक 1 लाख 59 हजार 557 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 लाख 46 हजार 69 मरीज ठीक हो चुके हैं। भोपाल में अभी 12 हजार 472 एक्टिव केस हैं। इसमें से 12 हजार 333 होम आईसोलेशन में हैं।