डीआईजी ने यह भी बताया कि तीनों आरोपी भय्यू महाराज के बेहद करीबी थे और वे उन्हें कथित तौर पर धोखे से नशीली दवाओं का ओवरडोज भी दे रहे थे जिससे आध्यत्मिक गुरु के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा था।
मिश्रा ने भय्यू महाराज के नजदीकी लोगों के बयानों के हवाले से बताया कि आत्महत्या का कदम उठाने से ऐन पहले आध्यात्मिक गुरु ने स्वयंभू उपदेशक दाती महाराज पर लगे बलात्कार के आरोपों से जुड़ी खबरें टीवी न्यूज चैनलों पर कई घंटों तक देखी थीं। इस दौरान भय्यू महाराज बेहद परेशान नजर आ रहे थे।
भय्यू महाराज का वास्तविक नाम उदय सिंह देशमुख था। वह मध्यप्रदेश के शुजालपुर कस्बे के जमींदार परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनकी पहली पत्नी माधवी की नवंबर 2015 में दिल का दौरा पड़ने के कारण मौत हो गयी थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2017 में 49 साल की उम्र में मध्यप्रदेश के शिवपुरी की आयुषी शर्मा के साथ दूसरी शादी की थी।