संत भय्यू महाराज आत्महत्या मामले में शुक्रवार को कोर्ट ने दोषियों को सजा 6-6 साल जेल की सजा सुनाई है। भय्यू महाराज की दूसरी पत्नी डॉ. आयुषी शर्मा का कहना है कि दोषियों को जो सजा दी गई है वह काफी कम हैं। मीडिया से बात करते हुए डॉ. आयुषी ने कहा कि मैं कोर्ट के फैसले का सम्मान करती हूं लेकिन दोषियों को जो सजा दी गई है वह काफी कम हैं। उन लोगों ने हमें जीवन भर की सजा दी है। उन्होंने कहा मैंने अभी कोर्ट की प्रोसिडिंग या आर्डर शीट नहीं पढ़ी है मैं एक बार उसको देख लूं, परिवार के बड़े लोगों से बात करके आगे क्या करना है इस पर विचार करुंगी।
बता दें मध्य प्रदेश के बहुचर्चित राष्ट्र संत भय्यू महाराज के आत्महत्या मामले में इंदौर की कोर्ट ने शुक्रवार को अंतिम सुनवाई करते हुए मुख्य सेवादार विनायक, ड्राइवर शरद और केयरटेकर पलक को दोषी ठहराया है और सभी दोषियों को 6-6 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। आदेश में बताया गया कि सेवादारों ने भय्यू महाराज को इतना प्रताड़ित किया था कि उन्होंने आत्महत्या कर ली।