मध्यप्रेदश के इंदौर शहर में भय्यू महाराज आत्महत्या मामले में बुधवार को कुछ लोगों को हिरासत किया था लेकिन बाद में गुरुवार को उन्हें छोड़ दिया गया। इसी शाम एक युवती का ऑडियो भी वायरल हुआ जिसमें वह भय्यू की दूसरी पत्नी आयूषी पर गंभीर आरोप लगा रही है।
इस वायरल ऑडियो में युवती कह रही है कि भय्यू की दूसरी पत्नी आयूषी ने उन्हें ब्लैकमेल कर उनसे शादी की थी। वह खुद बचने के लिए दूसरों पर इल्जाम लगा रही है। युवती का कहना है कि एक व्यक्ति भय्यू से जुड़ा हुआ था और उससे आयूषी की दोस्ती थी, ये बात भय्यू भी जानते थे।
गौरतलब है कि भय्यू महाराज के आत्महत्या करने के बाद उनके नौकरों और सेवादारों ने अपने बयानों में उनकी पत्नी और बेटी पर जासूसी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि दोनों जासूसी करने के लिए नौकरों और सेवादारों पर दबाव बनाया करती थीं। बेटी यह जानने में जुटी रहती थी कि भय्यू दूसरी पत्नी के लिए क्या कर रहे हैं, जबति पत्नी ये जानने में जुटी रहती थी कि वह अपनी बेटी के साथ क्या बातचीत कर रहे हैं।
क्यों अपनी गाड़ियां बेचना चाहते थे भय्यू
डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया था कि जांच के दौरान पता चला है कि भय्यू का खजाना खाली हो रहा था उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो चुकी थी। भय्यू ने 10 लाख रुपए का कर्ज लिया था जबकि अपनी ऑडी कार का सौदा 20 लाख में किया था।
भय्यू की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि वो अपनी बेटी कुहू के लिए खरीदी मस्टंग कार तक बेचने में जुटे थे। जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिनों में कुहू को लंदन जाना था और इस दौरान आने वाले खर्च को लेकर भी चिंतित थे।