बैतूल में एक कपड़ा व्यवसायी की पत्नी का शव घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इन आरोपों से इनकार करते हुए महिला के लंबे समय से अवसाद के इलाज में रहने की बात कही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आमला निवासी रंजिता यादव (37) का विवाह लगभग दस वर्ष पहले कपड़ा व्यवसायी प्रशांत यादव से हुआ था। परिवार में उनकी एक 10 वर्षीय बेटी और करीब दो माह की नवजात बच्ची है। शुक्रवार को रंजिता घर के बाथरूम में फंदे पर लटकी मिलीं। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
रंजिता को परेशान किया जा रहा था
मृतका की बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि रंजिता को लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उनका कहना है कि परिवार में उनके साथ भेदभाव किया जाता था और अधिकांश घरेलू जिम्मेदारियां उन्हीं पर डाल दी जाती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के संबंध में अलग-अलग लोगों से अलग-अलग जानकारी मिलने के कारण पूरे मामले पर संदेह बना हुआ है।
अवसाद का उपचार करा रही थी मृतिका
दूसरी ओर, मृतका के ससुर ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि रंजिता कई वर्षों से अवसाद का उपचार करा रही थीं और परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन जब काफी देर तक बाथरूम का दरवाजा नहीं खुला, तो उसे तोड़कर देखा गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव: अधिसूचना जारी, आज से नामांकन शुरू, 13 जुलाई तक भरे जाएंगे पर्चे
आमला थाना पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में महिला द्वारा फंदा लगाने की बात सामने आई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में प्रताड़ना या आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला का शव घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए