मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक तेज रफ्तार और बेकाबू कार शुक्रवार रात एक ढाबे में घुस गई। इस घटना में कार ने ढाबे में घुसने से पहले चार बार पलटी खाई। कार में महाराष्ट्र पुलिस के जवान सवार थे, जो उज्जैन की ओर जा रहे थे। हादसे के समय ढाबे में बैठे लोग बाल-बाल बच गए।
यह घटना बैतूल-इंदौर फोरलेन पर स्थित हिवरखेड़ी गांव के पास राधा रानी ढाबे पर घटित हुई। ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में इस घटना का पूरा दृश्य कैद हो गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार पलटती हुई ढाबे के अंदर जा घुसी, और वहां बैठे लोग इसे देख तुरंत अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
ढाबा संचालक रामशंकर ने बताया कि हादसे के वक्त उनकी पत्नी भी वहां मौजूद थी और पलंग पर बैठी थी, जहां कार ने टक्कर मारी और वह नीचे गिर गईं। सौभाग्यवश, कार वहीं रुक गई, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। इस कार में एक महिला सहित चार लोग सवार थे, जो महाराष्ट्र पुलिस के जवान थे और नागपुर से उज्जैन की ओर जा रहे थे।
हालांकि, ढाबा संचालक की पत्नी की तबीयत ठीक न होने के कारण उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। लेकिन, अब वे इस बारे में शिकायत करेंगे। कार में सवार महिला को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य सवारों की पहचान पवन रामचंद्र यादव, महेश नामदेव, और सिरसाम के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र पुलिस के कर्मचारी हैं।
इस घटना में किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन ढाबा संचालक का काफी नुकसान हुआ है। उनका सारा फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस इस पूरी घटना की जांच करेगी कि आखिरकार यह हादसा कैसे हुआ।
बैतूल कोतवाली टीआई देवकरण डेहरिया ने बताया कि यह घटना 16 तारीख को रात 10:30 बजे की है, जब श्रीजी ढाबा पर एक तेज गति से आ रही कार ने ढाबे में टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोग बाल-बाल बचे, लेकिन ढाबा संचालक को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और कार को जप्त कर लिया है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है। ढाबा मालिक ने रिपोर्ट देर से दर्ज कराई है, और घायल व्यक्तियों की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराई गई है। वाहन मालिक से जल्द ही पूछताछ की जाएगी।