बैतूल में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 25 वर्षीय युवक दीपक धुर्वे ने लाठी-सब्बल से माता-पिता और छोटे भाई की हत्या कर दी, जबकि भांजा घायल हुआ। आरोपी मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू की, वारदात के कारणों की पड़ताल जारी है।
जिले में एक मनोरोगी युवक ने तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सावंगा में इस युवक ने लाठी और सब्बल से प्रहार कर अपने माता-पिता और छोटे भाई की हत्या कर दी, जबकि उसका भांजा घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मनोरोगी बताया गया है। उसने बुधवार रात इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
विज्ञापन
बुधवार रात जब पूरा परिवार घर में सो रहा था, तभी आरोपी दीपक धुर्वे (25) ने अपने पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे, मां कमला धुर्वे और छोटे भाई दिलीप धुर्वे पर लाठी और सब्बल से हमला कर दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ, जब गुरुवार सुबह घर से कोई बाहर नहीं निकला। पड़ोसियों को संदेह हुआ तो उन्होंने घर के अंदर झांककर देखा। अंदर दीपक धुर्वे बैठा हुआ था और उसके माता-पिता व भाई जमीन पर पड़े हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत डॉयल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने दरवाजा खोल दिया। उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर का दरवाजा तार से बांध रखा था, ताकि कोई बाहर नहीं जा सके। वारदात के बाद वह शवों के पास ही बैठा रहा। घटना के समय घर में मौजूद भांजा प्रशांत भी हमले में घायल हुआ है। हालांकि, उसकी चोटें गंभीर नहीं हैं और वह सुरक्षित है।
ग्रामीणों के अनुसार, दीपक धुर्वे लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई में अच्छा था और सेना में भर्ती की तैयारी भी कर रहा था, लेकिन चयन नहीं हो पाया। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए उससे पूछताछ में कठिनाई हो रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि सावंगा गांव से सूचना मिली थी कि एक युवक घर में बंद है और अंदर तीन लोग पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने अपने माता-पिता और भाई की हत्या की है।