बैतूल के सोहागपुर स्थित एक शुगर मिल में मजदूरों और गन्ना किसानों के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस घटना में चार किसान घायल हो गए। पुलिस ने 10 अज्ञात मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के सोहागपुर गांव में शनिवार रात हुई। जब श्रीजी शुगर मिल परिसर में गन्ने से लदी बैलगाड़ी और ट्रैक्टर के बीच रास्ता रोकने को लेकर विवाद हुआ। किसानों के अनुसार, बैलगाड़ी की ट्रैक्टर से टक्कर के बाद मजदूरों ने आक्रोशित होकर लाठियों, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। घायल किसान रमेश यादव ने शिकायत में बताया कि मजदूरों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला किया, जिसमें चार किसान घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद शुगर मिल के स्टाफ ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने मजदूरों को समझाया कि किसानों से माफी मांगे बिना उनकी बैलगाड़ी से गन्ना नहीं उतारा जाएगा। बैतूल बाजार थाना के एसआई उत्तम मस्तकार ने बताया कि किसानों की शिकायत पर 10 अज्ञात मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। एसआई उत्तम मस्तकार का कहना है कि किसानों की शिकायत पर 10 अज्ञात मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है। सभी दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।