दंपती शुभम और रोशनी का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से तंग आकर एक दंपती ने अपने डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़ा और बुका खेड़ी डैम में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामला मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया का है। मृतकों की पहचान शुभम करदाते (25) और उसकी पत्नी रोशनी (24) के रूप में हुई है। दोनों ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद से ही दंपती के बीच अक्सर विवाद होते थे और बीती रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। शनिवार सुबह दोनों अपने बच्चे को लेकर घर से निकले और बुका खेड़ी डैम की ओर बढ़े। रास्ते में शुभम ने अपने मामा मुन्ना परिहार को फोन कर बांध पर आने के लिए कहा। जब तक वे पहुंचे, तब तक दंपती अपने बच्चे को सड़क किनारे छोड़ पुल पर पहुंच चुका था। अचानक दोनों ने पानी में कूदकर जान दे दी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेजे गए और परिजनों को सौंप दिए गए।
यह भी पढ़ें-
MP News: डिप्टी CM से मंत्रियों तक… भाजपा नेताओं की बयानबाजी से हुई पार्टी की किरकिरी! जानें किसने क्या कहा?
थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह ही आत्महत्या की वजह सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीआई देवकरण डहरिया का कहना है कि शुभम और रोशनी ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों में विवाद चलते थे। शुक्रवार रात झगड़े के बाद दोनों ने शनिवार सुबह डैम में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और एसडीईआरएफ टीम ने शव बाहर निकालकर परिजनों को सौंप दिए हैं।