बैतूल जिले में धर्मांतरण का मामला, आरोपियों को ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बैतूल जिले में ईसाई मिशनरी के लोगों द्वारा धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार ईसाई मिशनरी के कुछ लोग गांव के लोगों को धर्म विशेष की बुराई बता कर धर्मांतरण के लिए उकसा रहे थे। मामले की जानकारी लगने के बाद पुलिस ने धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
मामला बैतूल के भैंसदेही थाना क्षेत्र के उदामा गांव का है। बताया जा रहा है कि शनिवार को सायबू इवने के खेत पर दावत चल रही थी। यहां धर्मांतरण कराने के लिए लोगों को इकट्ठा किया गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बैतूल चर्च और अमरावती के कोठारा के ईसाई मशीनरी के लोग उपस्थित थे। मौजूद लोगों के पास धर्म विशेष की पुस्तक और पर्चे भी थे।
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से आए लोग गांव के लोगों पर कथित रूप से धर्मांतरण करने के लिए दबाव बना रहे थे। पुलिस ने मौके से 4 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं आरोपियों पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में धारा 295ए, 34 भादवि एवं इजाफा धारा 3 (1)T ST/SC एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भैंसदेही पुलिस ने सायबू इवने, विजय जाधव (निवासी कोठारा अमरावती), रूथबाई जाधव (निवासी कोठारा अमरावती) और डेनी पाऊल (निवासी सदर बैतूल) को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है। एसडीओपी भैंसदेही शिव चरण बोहित ने बताया कि उदारा गांव में बैतूल के चर्च कुछ लोग और कुछ महाराष्ट्र के मिशनरी के लोग आने की सूचना मिली थी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।