बड़वानी के नागलवाड़ी शिखरधाम में नागपंचमी को लाखों श्रद्धालु उमड़े
- फोटो : Amar Ujala
बड़वानी जिले के नागलवाड़ी शिखरधाम स्थित प्रसिद्ध बाबा भिलट देव मंदिर में नागपंचमी पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है। तीन दिवसीय मेले के दौरान मंदिर के पट 60 घंटे लगातार खुले रहेंगे। नागपंचमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में बाबा भिलट देव का 101 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। सुबह 4 बजे चोला श्रृंगार के बाद महाआरती हुई और कातोर गादी भक्त मंडल की ओर से 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। 15 अगस्त से सोमवार रात 8 बजे तक 4 लाख से अधिक भक्त बाबा भिलट देव के दर्शन कर चुके हैं। पर्व के तहत मंगलवार तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
बारिश और धुंध के बीच पैदल पहुंच रहे श्रद्धालु
मुख्य पुजारी राजेंद्र बाबा ने बताया कि रविवार सुबह से मंगलवार रात 12 बजे तक मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से पहाड़ी रास्ते पर वाहनों की एंट्री बंद है। श्रद्धालु रिमझिम बारिश, हरियाली और धुंध के बीच करीब साढ़े तीन किलोमीटर की पैदल चढ़ाई तय कर मंदिर पहुंच रहे हैं। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे तक कतार में लगना पड़ रहा है।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
नागपंचमी पर्व के दृष्टिगत कलेक्टर जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने नागलवाड़ी शिखरधाम पहुंचकर बाबा भिलट देव के दर्शन किए। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, दर्शन व्यवस्था, पार्किंग और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश यादव और कोषाध्यक्ष बजरंग गोयल ने भी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
पुलिस, स्वयंसेवक और सीसीटीवी से निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी और 2 हजार से अधिक मंदिर समिति के स्वयंसेवक तैनात हैं। परिसर में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग, बैरिकेडिंग और लेन सिस्टम लागू है। पांच पार्किंग स्थल और तीन ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू है।
ये भी पढ़ें-
एमपी के भिंड में दर्दनाक हादसा: यूपी के लखीमपुर लौटते वक्त पिकअप डंपर से टकराई, आठ मजदूरों की मौत और 25 घायल
चिकित्सा और नागरिक सुविधाओं की भी व्यवस्था
मेले में स्वच्छ पेयजल, चलित शौचालय, कंट्रोल रूम और लाउडस्पीकर से सूचना प्रसारण की व्यवस्था की गई है। 24 घंटे मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात हैं। वाहनों की स्थिति से निपटने के लिए क्रेन भी उपलब्ध है। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीएम राजपुर श्री कुमार सानू देवडिया, डिप्टी कलेक्टर श्री आकाश यादव और एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।