प्रदेश के बालाघाट जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया टोला के समीप एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों को विपरीत दिशा से आ रहे बोलेरो वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।
गढी थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पौड़ी निवासी निखिल मोहाने, राजू मोहाने, वीरेंद्र यादव तथा आशुतोष यादव एक बाइक पर सवार होकर बुधवार देर रात गांव वापस लौट रहे थे। ग्राम जामुन टोला के समीप विपरीत दिशा में आ रहे बोलेरो वाहन के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी के शवों को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
वाहन चालक की तलाश
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक घटनास्थल पर वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। उसकी तलाश जारी है।