पीड़ितों ने कलेक्टर से शिकायत की थी।
- फोटो : सोशल मीडिया
बालाघाट जिले के लालबर्रा थानांतर्गत शिव जयंती का चंदा नहीं देने पर 13 परिवारों का सामाजिक बहिष्कार किए जाने का मामला सामने आया है। लांजी थानांतर्गत भी कबीर पंथ अपनाने पर एक परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया गया है।
जानकारी के अनुसार लालबर्रा थानांतर्गत ग्राम कनकी निवासी कुनबी समाज के 13 परिवारों का सामाजिक बहिष्कार किए जाने के संबंध में कलेक्टर से जनसुनवाई में शिकायत की गई थी। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने शिकायत में बताया था कि ग्राम में 13 अप्रैल को कुनबी समाज की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शिव जी जयंती के लिए 200 रुपये चंदे के रूप में मांगे गए थे। चंदे की राशि नहीं देने पर कुनबी समाज के 13 परिवारों का सामाजिक रूप से बहिष्कार कर दिया गया है।
पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से शिकायत में बताया कि वे गत 12 दिनों से सामाजिक बहिष्कार का दंश झेल रहे है। पीड़ितों को कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजा गया था। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत को विवेचना में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है। इसके अलावा लांझी थानांतर्गत ग्राम पीपलखुर्द में मरार परिवार ने कबीर पंथ अपना लिया था। इसके बाद उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया। इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने लालबर्रा थाने में की है।