सीधी की छुहिया घाटी में चार गाड़ियों में आए बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम को घेरकर फायरिंग और मारपीट की। बदमाश NDPS आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर फरार हो गए। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर ओडिशा पुलिस की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। चार गाड़ियों में सवार बदमाश पुलिस वाहन को घेरकर NDPS मामले के आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर ले गए। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
कैसे घटी घटना?
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। पुलिस टीम छुहिया घाटी से गुजर रही थी, तभी चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर तीन बार फायरिंग की। इसके अलावा बेसबॉल बैट से भी हमला किया गया। इसके बाद बदमाश आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गए। घटना के समय पुलिस टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि टीम के पास AK-47, पिस्टल समेत अन्य हथियार भी थे। इसके बावजूद बदमाश आरोपी को छुड़ाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।