अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा थाना क्षेत्र के ग्राम मथनेर में मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के आरोप में मथनेर निवासी 29 वर्षीय नंदकिशोर रघुवंशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को ग्राम मथनेर में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। शिकायत मिलने के बाद शाढ़ौरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पढ़ें: अनूपपुर में सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौत
चोरी की वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को मथनेर निवासी नंदकिशोर रघुवंशी पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने के टॉप्स, चांदी की चूड़ियां, पायल, करधौनी, ब्रेसलेट, बिछुड़ी और अंगूठी बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या उसने अकेले ही चोरी की थी। चोरी किए गए सामान को ठिकाने लगाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।