जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत अमाही ताल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी 26 वर्षीय गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रामकुंवर बाई उर्फ रानी के रूप में हुई है। आरोपी पति नन्नू आदिवासी वारदात के बाद फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी नन्नू आदिवासी शराब पीने का आदी था और रोज शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने कपड़े से रानी का गला घोंट दिया। जब पत्नी की कोई हलचल नहीं हुई तो आरोपी घबरा गया और उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: Betul Bus Accident: नागपुर फोरलेन पर निजी यात्री बस पलटी, 16 घायल, तीन की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपी पति नन्नू आदिवासी ने मायके पक्ष के सामने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि दंपति के बीच पिछले दो-तीन दिनों से लगातार विवाद चल रहा था।
बताया गया है कि दंपति की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने एसपी कार्यालय का घेराव करने की बात कही, जिस पर पुलिस ने उन्हें समझाइश दी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
देहात थाना पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।