सतना शहर में चाकू दिखाकर एक नाबालिग के साथ छेड़खानी करने और उसे धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सिरफिरे युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बाबू बंसकार ने चार जून को नाबालिग के घर में घुसकर उसके गले पर चाकू रख दिया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने नाबालिग से कहा कि अगर वह उसे प्यार नहीं करेगी और शोर मचाएगी तो वह उसे चाकू मार देगा। आरोपी ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें कीं और उसे जान से मार देने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को शहर के बजरहा टोला में दबिश देकर आकाश उर्फ बाबू बंसकार पिता मुन्ना बंसकार 24 वर्ष निवासी बजरहा टोला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शाम के वक्त वह घर पर थी तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। उसने दरवाजा खोला तो सामने आरोपी बाबू बंसकार खड़ा था। वह नाबालिग को धक्का देकर घर के अंदर दाखिल हो गया और उसने चाकू निकाल कर पीड़िता के गले पर रख दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और बजरहा टोला में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।