सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की फुटेज
सोशल मीडिया पर अमरकंटक रोड सांधा तिराहे के पास दो युवकों द्वारा युवती के अपहरण कर जंगल ले जाने और उसके साथ गलत कार्य किए जाने का वीडियो वायरल हुआ। इसी बीच 31 अगस्त की रात 8.15 बजे एक युवती ने डॉयल 100/112 पर सूचना दी कि उसकी नाबालिग बहन को दो अज्ञात युवक जंगल की ओर ले गए हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविन्द जैन, उपनिरीक्षक प्रवीण साहू, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, आरक्षक अब्दुल कलीम, आरक्षक प्रकाश तिवारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस 26 वर्षीय युवती और उसकी 16 साल की साथी को सुरक्षित बरामद कर महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा के पास अग्रिम कार्यवाही हेतु थाने ले आई। दोनों ने शुरुआत में केवट प्रसाद बनावल और दुर्गेश बनावल पर गंभीर आरोप लगाए।
ये भी पढ़ें-
शर्मनाक: 'पहले कफन के 500 रुपये जमा कराओ, फिर मिलेगी बेटे की लाश', मप्र के बड़े सरकारी अस्पताल की ओछी करतूत
पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि 100 डायल में कॉल करने वाली युवती का भाई पहले से ही नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में है और पीड़िता वही दोनों युवकों की बहन है। आरोप है कि राजीनामा के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन खंगाली तो पाया कि घटना के समय दोनों युवक घटना स्थल पर मौजूद ही नहीं थे।
पूछताछ में दोनों युवतियों ने स्वयं स्वीकार किया कि रास्ते में उनके साथ किसी भी प्रकार की घटना, छेड़छाड़ या आपराधिक कृत्य नहीं हुआ। दोनों ने व उनके पिता ने भी रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य को सौंप दी है। अब आगे की वैधानिक कार्यवाही उनके निर्देशन में होगी।