अनूपपुर जिले के राजेंद्र ग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत से घर की ओर लौट रहे युवक का रास्ता रोक कर उसके साथ मारपीट करने के साथ ही जेब में रखे हुए मोबाइल और नकद रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस में अपराध दर्ज कर लिया है तथा जांच में जुटी हुई है।
घटना के संबंध में बताया गया कि सोमवार शाम सुमंत कुमार चंद्रवंशी पिता राजेंद्र कुमार चंद्रवंशी उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम करौंदी थाना राजेंद्र ग्राम जोक खेत में लगी टमाटर की फसल को व्यापारी को बेचने के पश्चात मिले हुए रुपये को लेकर वापस लौट रहा था, तभी ऊमनिया करौंदी कच्ची सड़क के पास पहुंचा था। जहां करौंदी की तरफ से एक बाइक में सवार चार लोगों के द्वारा रास्ता रोकते हुए चाकू और पत्थर से हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।
साथ ही जेब में रखे हुए 14,000 नकद एवं मोबाइल लूटकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के द्वारा घायल को निजी वाहन से चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है, दूसरी ओर मामले की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में मनीष चंद्रवंशी निवासी बहापुर सहित तीन अन्य के विरुद्ध धारा 341, 394, 397, 398 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।