अनूपपुर जिले में पदस्थ खनिज निरीक्षक ने जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों पर जांच में व्यवधान उत्पन्न करने तथा जान-माल का खतरा होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है। खनि निरीक्षक का यह भी कहना है कि उसे धमकी दी गई है।
शिकायत में खनिज निरीक्षक इशा वर्मा ने बताया कि 14 जून को उप संचालक खनिज प्रशासन अनूपपुर ,तहसीलदार कोतमा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोतमा के साथ ग्राम चंगेरी स्थित रेत खदान में अनियमितताओं की जांच करने पहुंची थीं। शिकायत नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा ने की थी। जांच के दौरान मौके पर लगभग 25-30 लोग आ गए और खनिज निरीक्षक को घेरकर अभद्रता एवं अनावश्यक वाद-विवाद करने लगे। खनिज निरीक्षक को उन्होंने धमकाया।
धमकाने वालों में लहसुई के वार्ड पार्षद अंकित सोनी, श्याम कुमार चौहान उर्फ गुड्डू तथा रफी अहमद ने वाहन के बोनट को ठोंकते हुए विवाद किया। जांच पूरी होने देने में बाधा उत्पन्न की गई। साथ ही मना करने के बावजूद खनिज निरीक्षक का वीडियो बनाने लगे। इसके साथ ही शिकायत में यह भी आरोपित किया गया है कि महिला मर्यादा के विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया। देख लेने की धमकी भी दी गई। खनिज निरीक्षक ने इस पर मान-सम्मान एवं गरिमा को ठेस पहुंचाने तथा सामूहिक रूप से अपमानित करने की शिकायत की है। रात के समय विभागीय कार्य से आने-जाने के दौरान जान-माल का खतरा होने की आशंका व्यक्त की है।
खनिज निरीक्षक पर अपराध दर्ज करने की मांग
कोतमा में खनिज निरीक्षक की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं के साथ ही अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है। इसके विरोध में युवा कांग्रेस तथा एलएसयूआई के कार्यकर्ताओं के द्वारा कोतमा थाने में धरने पर बैठकर खनिज निरीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है।
कोतमा पुलिस तथा खनिज निरीक्षक पर लगाए आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारी के द्वारा धरने पर बैठकर खानी निरीक्षक इशा वर्मा के विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने की मांग की जा रही है। धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों का आरोप है कि खनिज निरीक्षक रेत खदान की जांच करने के लिए पहुंची हुई थी। जहां क्षेत्र मे रेत ठेकेदार के द्वारा किए जा रहे अवैध उत्खनन की शिकायत करने के लिए वह मौके पर पहुंचे। जहां खनिज निरीक्षक के द्वारा अभद्रता से बात किया गया। इसके साथ ही कई कार्यकर्ताओं को जातिगत गाली- गलौज किए जाने के आरोप भी लगाए गए।
खनिज निरीक्षक के विरुद्ध इन्होंने भी दर्ज कराई थी शिकायत
धरने पर बैठे श्याम और गुड्डू चौहान ने बताया कि खनिज निरीक्षक ईशा वर्मा द्वारा बड़े ही गलत तरीके से उनसे बात किया गया तथा धमकाया जा रहा था। इस मामले में भाजपा के पूर्व पार्षद आदित्य सोनी, एनएसयूआई के रफी अहमद, विवेक राज साकेत तथा जीवन लाल चौधरी के द्वारा कोतमा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर खनिज निरीक्षक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि पुलिस खनिज निरीक्षक के विरुद्ध अपराध दर्ज नहीं करेगी तो यह आंदोलन जारी रहेगा।
खनिज निरीक्षक की शिकायत पर सात लोगों के विरुद्ध दर्ज हुआ अपराध
अनूपपुर जिले में रेत खदान की जांच करने के दौरान खनिज निरीक्षक से अभद्रता कार्य में प्रावधान तथा धमकी दिए जाने के मामले पर कोतमा पुलिस के द्वारा सात लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच कर रहे हैं। मामले के संबंध में बताया गया कि खनिज निरीक्षक ईशा वर्मा शुक्रवार को कोतमा के चंगेरी रेत खदान के संबंध में कोतमा नगर पालिका के अध्यक्ष अजय सराफ द्वारा की गई शिकायत की जांच करने के लिए गई हुई थी।
जहां शिकायत में खनिज निरीक्षक ने आरोपित किया कि आरोपियों के द्वारा मौके पर पहुंचकर अभद्रता करने के साथ ही देख लेने की धमकी दी गई। साथ ही धमकाया गया और कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया गया। इसके साथ ही महिला सम्मान के विरुद्ध बात की गई। महिला खनिज निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने धारा 353 ,147, 186,500,506 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।