सड़क दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम
अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बकही में तेज रफ्तार कर वाहन ने साइकिल से जा रहे हैं मजदूर को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जाम को खुलवाया। इसके साथ ही शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई करते हुए इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया कि कार क्रमांक एमपी 18 जेड ई 6153, जिसमें सवार यात्री मैहर से लौटकर अनूपपुर की ओर जा रहे थे, जहां सोमवार लगभग नौ बजे कार ने सड़क किनारे जा रहे साइकिल सवार विकास साहू निवासी खमरौध शहडोल को टक्कर मार दी। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने कार सवार लोगों को घेर लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना मिलने पर चचाई पुलिस के साथ ही अनूपपुर तहसीलदार अनुपम पांडे ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर रहे मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया। लगभग दो घंटे तक ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन चला रहा, जिसके कारण सड़क के दोनों तरफ आने-जाने वाले वाहनों की कतार लग गई।
ओपीएम में मजदूरी का कार्य कर लौट रहा था मजदूर
घटना में कार की टक्कर से जिस मजदूर विकास साहू की मौत हुई, वह ओरिएंट पेपर मिल में मजदूरी करके अपने घर की ओर जा रहा था। सड़क किनारे पान ठेले पर खड़े होकर के वह बात कर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आई और उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही घायल युवक की मौत हो गई। इसके बाद देखते ही देखते ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। नाराजगी जताते हुए सड़क के बीचों-बीच अपने दो पहिया वाहनों को खड़ी कर आवागमन को बाधित कर दिया।
मैहर से लौटने के दौरान चालक को आई झपकी
घटना के कारण के बारे में बताया गया कि फुनगा के समीप निवासरत परिवार दर्शन करने के लिए मैहर गया हुआ था। जहां से लौट के दौरान अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई और इस वजह से वाहन अनियंत्रित होकर के सड़क किनारे खड़े युवक को टक्कर मारते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सड़क दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम