अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड के ग्राम पोंडकी में संचालित मां शारदा कन्या विद्यापीठ की छात्राओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की। इस दौरान विद्यालय की 30 छात्रों के साथ ही छह सदस्यीय शिक्षक दल उपस्थित रहा। विद्यालय की छात्राओं से मिलते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने उनसे शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही विद्यालय में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी शिक्षकों ने राष्ट्रपति को प्रदान की। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं के हाथों से बनी गोंडी पेंटिंग भी राष्ट्रपति को भेंट की गई।